खबरें सुपरफास्ट

भोपाल के भेल में लोक आस्था का महाकुंभ: राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने मां सरस्वती छठ घाट पर व्रतियों के साथ की सूर्य उपासना

भोपाल | हमारा प्रयास ब्यूरो

लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की आज उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ भव्य और दिव्य समाप्ति हो गई। चार दिनों तक चले इस कठिन अनुष्ठान के दौरान राजधानी भोपाल में भी भक्ति का सैलाब उमड़ा। इस पावन अवसर पर मध्य प्रदेश शासन की राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने विशेष रूप से सक्रिय सहभागिता की और शहर के विभिन्न हिस्सों में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रमों में शामिल होकर व्रतियों व श्रद्धालुओं को बधाई दी।

मंत्री श्रीमती गौर ने आज सुबह सबसे पहले बरखेड़ा भेल स्थित मां सरस्वती छठ घाट पर आयोजित मुख्य समारोह में शिरकत की। यहाँ उन्होंने उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दे रही व्रती माताओं-बहनों का आशीर्वाद लिया और सभी को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पूरा घाट क्षेत्र छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से गुंजायमान हो उठा।

"छठ महापर्व हमारी समृद्ध संस्कृति और प्रकृति के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। व्रतियों की यह तीन दिवसीय कठिन तपस्या समाज को अनुशासन और समर्पण का संदेश देती है। मैं सभी के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करती हूँ।"

इसके बाद राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर कटारा हिल्स क्षेत्र में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में सम्मिलित हुईं। यहाँ भी उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित भोजपुरी समाज के श्रद्धालुओं और सामाजिक बंधुओं के साथ संवाद किया और पर्व की खुशियां साझा कीं।

इन आयोजनों में राज्य मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर के साथ भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री रविंद्र यती, जिला उपाध्यक्ष श्री अमन यादव, जोन अध्यक्ष श्री नीरज सिंह, पार्षद श्री वी. शक्ति राव और एल्डरमैन श्री सुनील द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण उपस्थित रहे।


संबंधित ख़बरें